गाज़ियाबाद। संगठन चुनाव 2024–25 के आधार पर भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने गाज़ियाबाद महानगर से तीन नामों प्रदीप चौहान (मुरादनगर विधानसभा), श्रीमती प्रीति चंद्रा राय (शहर विधानसभा) एवं देवेंद्र गिरी (साहिबाबाद विधानसभा) को प्रांतीय परिषद सदस्य हेतु चयनित किया है। प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय की संस्तुति पर यह सूची जारी की गई।
प्रांतीय परिषद के लिए इन तीन नामों की आधिकारिक घोषणा के बाद भाजपा महानगर में प्रसन्नता का माहौल देखने को मिला। महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने तीनों नवनियुक्त सदस्यों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
मयंक गोयल ने कहा कि संगठन ने जिन तीन कार्यकर्ताओं को यह दायित्व सौंपा है, उन्होंने लंबे समय से पार्टी के प्रति निष्ठा, प्रतिबद्धता और सक्रियता के साथ कार्य किया है। यह चयन उनके उत्कृष्ट संगठनात्मक योगदान का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई जिम्मेदारी मिलने से गाज़ियाबाद महानगर संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा संगठनात्मक कार्यों में नई ऊर्जा का संचार होगा।
कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय को भाजपा के संगठनत्व और योग्य कार्यकर्ताओं के सम्मान का प्रतीक बताते हुए शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रांतीय परिषद में गाज़ियाबाद महानगर की मजबूत भागीदारी पार्टी के भविष्य को और सुदृढ़ करेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें