गाजियाबाद । पुराना विजय नगर स्थित श्री विजय रामलीला के मंचन के दौरान प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग का रामलीला समिति द्वारा अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत व सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग ने कहा कि, "रामलीला केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक धरोहर, मर्यादा और सनातन परंपराओं का प्रतीक है। भगवान श्री राम का जीवन चरित्र हम सभी को सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।" उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिए रामलीला समिति के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने अभिषेक गर्ग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान और समाज सेवा के प्रति समर्पण को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया है।
इस अवसर पर रामलीला समिति के अध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और भारी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक उपस्थित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम के दौरान पंडाल 'जय श्री राम' के जयकारों से गुंजायमान रहा।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें