मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026

जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल, विजयनगर में पशु सप्ताह' का आयोजन बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ आयोजित

 





मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद । जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल, विजयनगर में 5 से 9 अक्टूबर 2026 तक 'पशु सप्ताह' का आयोजन बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य नन्हे विद्यार्थियों को पशु जगत से परिचित कराना तथा जीव-जंतुओं के प्रति प्रेम, संवेदनशीलता और संरक्षण की भावना विकसित करना था।

इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न रोचक एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से जंगली, पालतू तथा जलीय जीवों के विषय में महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। रंग-बिरंगी फेस पेंटिंग और आकर्षक पशु हेडगियर जैसी गतिविधियों ने बच्चों के उत्साह को दोगुना कर दिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और सीखने की जिज्ञासा का सुंदर प्रदर्शन किया।

इस आयोजन का विशेष आकर्षण 17 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को आयोजित भव्य प्रस्तुति रही, जिसमें नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी उपस्थित अभिभावकों का दिल जीत लिया। आकर्षक पशु हेडगियर, रंग-बिरंगी फेस पेंटिंग और उत्साह से भरपूर अभिव्यक्तियों के साथ बच्चों ने पशु जगत की विविधता को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने जंगली, पालतू एवं जलीय जीवों से जुड़ी रोचक जानकारियाँ आत्मविश्वास और सहजता के साथ अभिभावकों के समक्ष साझा कीं। बच्चों की शानदार प्रस्तुति में उनकी रचनात्मकता, मंच पर आत्मविश्वास और सीखने के प्रति उत्सुकता स्पष्ट रूप से झलकी। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक श्री डा० करुण कुमार गौड़ ने छात्रों और शिक्षकों के अथक परिश्रम की सराहना की।

अभिभावकों ने नन्हे सितारों के प्रयासों की खूब सराहना की और पूरा वातावरण तालियों, मुस्कुराहटों तथा उत्साह से गूंज उठा। विद्यालय प्रधानाचार्या अंजू गौड़ ने इस अवसर पर कहा कि बच्चों को प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाना शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

यह प्रस्तुति न केवल बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने का अवसर बनी, बल्कि उनके लिए सीखने को आनंदमय और यादगार बनाने का एक सुंदर अनुभव भी सिद्ध हुई।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें