साहिबाबाद। राष्ट्रीय व्यापार मंडल के तत्वावधान में अध्यक्ष शैलेन्द्र सक्सेना की अध्यक्षता में द्वितीय भव्य डांडिया नाइट सीजन-2 का आयोजन चंद्रशेखर पार्क, बी-ब्लॉक, शालीमार गार्डन एक्स-2 में बड़ी धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश की पूजा एवं माँ सरस्वती वंदना के साथ किया गया। पूजन के पश्चात ढोल-नगाड़ों की थाप पर सैकड़ों की संख्या में उपस्थित महिलाओं, युवतियों, बच्चों और परिवार जनों ने डांडिया-गरबा नृत्य कर माहौल को भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम स्थल पर खाने-पीने, ज्वेलरी और शॉपिंग के आकर्षक स्टॉल भी लगाए गए थे, जिसका उपस्थित लोगों ने भरपूर आनंद लिया। देर रात तक चले इस आयोजन में हजारों लोगों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शहर विधायक *माननीय संजीव शर्मा* उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व महानगर महामंत्री *पप्पू पहलवान*, राष्ट्रीय व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष *अशोक भारतीय*, पूर्व एमएलसी विधायक *सुरेश कश्यप*, पार्षद *श्याम शर्मा*, *यशपाल पहलवान*, *ओमवती देवी*, *प्रवीण भाटी*, *राहुल शर्मा*, प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक *मनोज शर्मा* तथा बिग बॉस सीजन-2 व रोडीज विजेता *आशुतोष कौशिक* मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
मंच का कुशल संचालन राष्ट्रीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष *शैलेन्द्र सक्सेना* एवं महामंत्री *शरद स्वरूप* द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
ऑनलाइन नहीं, ऑफलाइन शॉपिंग से बढ़ेगी बाजार की रौनक
शैलेन्द्र सक्सेना ने कहा, "मैंने मंच से कई बार आग्रह किया है और आज फिर कर रहा हूँ कि ऑनलाइन शॉपिंग न करें, सिर्फ ऑफलाइन शॉपिंग करें और बाजार की रौनक बढ़ाएं। आज हमारे द्वारा किए गए इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग आए, सबने एक साथ मनोरंजन किया, एक-दूसरे से मिले-जुले। क्या ऐसा कार्यक्रम ये ऑनलाइन वाली कंपनियाँ कभी कर सकती हैं? कभी नहीं कर सकतीं। जो संस्कृति, जो मेलजोल और जो खुशी हम स्थानीय बाजार में बनाते हैं, वो ऑनलाइन पर कभी नहीं मिलेगी। इसलिए सिर्फ और सिर्फ अपने आसपास के दुकानदारों से ही सामान खरीदें।"
प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक भारतीय ने भी कहा कि राष्ट्रीय व्यापार मंडल केवल व्यापारियों के हितों के लिए ही नहीं बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देना ही हमारा मुख्य उद्देश्य है।
अंत में अध्यक्ष शैलेन्द्र सक्सेना ने सभी अतिथियों, सहयोगियों, क्षेत्रवासियों और मीडिया बंधुओं का तहे दिल से आभार व्यक्त किया।


















































