गुरुवार, 16 अप्रैल 2026

जीडीए मे रजिस्ट्री एवं नामांतरण शिविर के तीसरे दिन 99 प्रकरणों का हुआ सफल निस्तारण




मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद । गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा आयोजित रजिस्ट्री एवं नामांतरण विशेष शिविर के तीसरे दिन उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई। शिविर में बड़ी संख्या में आवंटियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी लंबित समस्याओं के समाधान हेतु आवेदन प्रस्तुत किए। प्राधिकरण द्वारा इन प्रकरणों का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप कुल 99 प्रकरणों का सफल समाधान कर आवंटियों को महत्वपूर्ण राहत प्रदान की गई।

प्राधिकरण उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल ने बताया कि शिविर के दौरान रजिस्ट्री से संबंधित कुल 44 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 37 आवेदन प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) से संबंधित तथा 07 आवेदन सामान्य योजना के अंतर्गत थे। प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए 34 आवंटियों की रजिस्ट्री अनुमोदन हेतु पत्रावलियाँ प्रेषित की गईं। साथ ही, 22 आवेदकों की रजिस्ट्री शीघ्र तैयार करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया तथा 19 आवेदनों को रजिस्ट्री प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए पंजीकरण कार्यालय भेजा गया।

उन्होंने बताया कि नामांतरण (नाम दर्ज) से संबंधित कार्यों में भी उल्लेखनीय प्रगति प्राप्त हुई। इस श्रेणी में 06 नए आवेदन प्राप्त हुए, जबकि पूर्व में लंबित मामलों में से 24 प्रकरणों का सफल निस्तारण कर आवंटियों को नाम दर्ज प्रमाण पत्र जारी किए गए।

शिविर की कार्यवाही को और अधिक गति प्रदान करने हेतु सभी रजिस्ट्री लिपिकों को निर्देशित किया गया है कि वे दिनांक 17 एवं 18 अप्रैल को कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर प्राधिकरण स्तर पर रजिस्ट्री पत्रों को तैयार करना सुनिश्चित करें। तत्पश्चात, तैयार रजिस्ट्री पत्रों को अगले सप्ताह दिनांक 20, 21 एवं 22 अप्रैल को पंजीकरण कार्यालय में प्रस्तुत कर विधिवत पंजीकरण की कार्यवाही संपन्न कराई जाएगी।

प्राधिकरण सभी आवंटियों से अपील करता है कि वे इस विशेष शिविर का अधिकतम लाभ उठाते हुए अपनी लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।

🕙 समय: प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक

📍 स्थान: गाजियाबाद विकास प्राधिकरण कार्यालय

📞 हेल्पलाइन नंबर: 0120-4418384

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें