गाजियाबाद । आज प्रताप विहार योजना के अंतर्गत डीपीएस चौराहे से लीलावती चौक तक प्रस्तावित सौंदर्यकरण कार्य का विधिवत उद्घाटन मेयर सुनीता दयाल. विधायक संजीव शर्मा तथा प्राधिकरण उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल के करकमलों द्वारा किया गया।
इस महत्वपूर्ण परियोजना के अंतर्गत डीपीएस चौराहे से लीलावती चौक तक दोनों ओर के डिवाइडर, सेंट्रल वर्ज एवं प्रमुख चौराहों का समग्र विकास किया जाएगा। योजना के तहत चयनित स्थानों पर आकर्षक पत्थर संरचनाएं स्थापित की जाएंगी, जिनमें एक स्थान पर मसाल-आधारित थीम एवं अन्य स्थान पर विशेष डिजाइनयुक्त पत्थर की आकृतियां विकसित की जाएंगी, जिससे क्षेत्र की दृश्यात्मक सुंदरता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
लगभग 4.70 करोड़ रुपये की लागत से संचालित इस परियोजना में फुटपाथों का सुदृढ़ीकरण, सेंट्रल वर्ज का विकास तथा आधुनिक लैंडस्केपिंग कार्य सम्मिलित है। कार्य पूर्ण होने के उपरांत यह क्षेत्र न केवल अधिक सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनेगा, बल्कि आमजन को बेहतर नागरिक सुविधाएं भी प्राप्त होंगी।
यह परियोजना शहर के सौंदर्यीकरण एवं नागरिक सुविधा विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो स्थानीय निवासियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।
शहर विधायक संजीव शर्मा के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है। उनकी सोच है कि क्षेत्र का प्रत्येक इलाका स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बने, जिससे आमजन को बेहतर जीवन स्तर प्राप्त हो सके। उनके मार्गदर्शन में शहर विधानसभा विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मेयर सुनीता दयाल ने कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए सौंदर्यकरण एवं आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है। इस प्रकार के कार्यों से शहर की छवि बेहतर होती है और नागरिकों को एक स्वच्छ एवं आकर्षक वातावरण मिलता है।
जीडीए उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल ने कहा कि गाजियाबाद के सुनियोजित विकास हेतु प्राधिकरण लगातार कार्य कर रहा है। आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर के निर्माण के लिए इस तरह के सौंदर्यकरण कार्य महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
मीडिया प्रभारी अजय चोपड़ा ने कहा कि यह सौंदर्यकरण कार्य क्षेत्र के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे प्रताप विहार की सुंदरता और भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे विकास कार्यों से जनता में सकारात्मक संदेश जाता है और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलती है।
शिलान्यास समारोह में जी डी ए सचिव विवेक मिश्र,अधिशासी अभियंता योगेश पटेल,शहर मंडल अध्यक्ष महिम गुप्ता, प्रताप विहार मंडल अध्यक्ष हेमराज माहौर, विजयनगर मंडल अध्यक्ष पवन शर्मा, चेयरमैन संदीप पाल, पार्षद पूनम सिंह, पार्षद गोपाल सिसोदिया, पार्षद देवनारायण शर्मा, पार्षद सुनील यादव, पार्षद भगवत गुप्ता,राजेश शर्मा,सुधीर शर्मा,अनिल सिंह,पवन शर्मा, आशुतोष शर्मा, तरुण सिंघल,सचिन यादव,अमित वर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे ।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें