मुकेश गुप्ता
कमलावती सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम हर्षोंल्लास के साथ सम्पन्न*
सरकार का संकल्प महिलाओं को शिक्षित, सशक्त एवं जागरूक बनाना: मुख्य अतिथि श्रीमती कमलावती सिंह,
महिलाओं का योगदान हर क्षेत्र में सराहनीय: सुनील कुमार शर्मा
गाजियाबाद । "नारी शक्ति वंदन अभियान" के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश के सभी 75 जनपदों में कार्यक्रम व "नारी शक्ति वंदन' विषयक प्रेस-वार्ता का आयोजन किया गया। जनपद गाजियाबाद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के सन्दर्भ में जागरूकता गोष्ठी व प्रेस वार्ता मुख्य अतिथि श्रीमती कमलावती सिंह, मा० अध्यक्ष उत्तर प्रदेश महिला कल्याण निगम की गरिमामयी उपस्थिति में हिन्दी भवन, लोहिया नगर, गाजियाबाद में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। उक्त कार्यक्रम महानगर भाजपा, जिला प्रशासन व सूचना विभाग के सौजन्य से सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि महोदया द्वारा द्वीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। तदोपरांत कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गये।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियाँ संपादित की गईं, जिनमें महिलाओं की गोद भराई, शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार, पुष्टाहार वितरण तथा जनपद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित करना प्रमुख रहा। साथ ही विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत अन्य लाभार्थियों को भी लाभान्वित किया गया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल राजनीतिक आरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं को नेतृत्व एवं निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम के माध्यम से संसद एवं विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी में वृद्धि होगी, जिससे नीति-निर्माण में शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को और अधिक प्राथमिकता मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि यह अधिनियम लैंगिक समानता को सुदृढ़ करने के साथ-साथ समाज में महिलाओं की भूमिका को लेकर स्थापित रूढ़िवादी धारणाओं में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होगा तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मविश्वास एवं प्रेरणा प्रदान करेगा।
मुख्य अतिथि द्वारा यह भी उल्लेख किया गया कि केन्द्र एवं राज्य सरकार महिलाओं एवं बालिकाओं के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर प्रतिबद्ध हैं। इस क्रम में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पोषण अभियान, राष्ट्रीय महिला कोष, उत्तर प्रदेश महिला सामर्थ्य योजना, वन स्टॉप सेंटर योजना, 181 महिला हेल्पलाइन, सुकन्या समृद्धि योजना सहित उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, विधवा पेंशन एवं वृद्धावस्था पेंशन जैसी विभिन्न योजनाएँ प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ किया गया है, जिससे उन्हें समाज में समान अवसर एवं अधिकार प्राप्त हो रहे हैं।
अपने उद्बोधन के अंत में मुख्य अतिथि ने कहा कि सरकार का संकल्प महिलाओं को शिक्षित, सशक्त एवं जागरूक बनाना है, ताकि उन्हें निर्णय प्रक्रिया में सहभागी बनाते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु प्रतिबद्ध होकर कार्य करें, जिससे भारत को समृद्ध, विकसित एवं सशक्त राष्ट्र बनाने में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
सुनील कुमार शर्मा कैबिनेट मंत्री ने कहा कि महिलाओं की हर क्षेत्र में अहम भूमिका रहती है चाहे वह घर में या आॅफिस में। महिलाओं ने जिस क्षेत्र में भी कार्य किया वह सराहनीय रहा है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं और देशहित में एक अच्छी पहल है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने में हेतु सभी आगुन्तकों का आभार प्रकट किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा महिला पदाधिकारी, महिला पार्षद, कार्यकत्री, स्कूल की छात्रायें, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां, आशा /ए०एन०एम०, महिला लाभार्थियों, महिला वॉलेटियर, महिला ग्राम प्रधान सहित सैकड़ों की संख्या में सम्मानित महिलाएं उपस्थित रहे। नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर महिलाओं में खुशी की लहर थी और मोदी जी के जिन्दाबाद के उद्घोष से पूरा हिन्दी भवन गूंज उठा। कार्यक्रम उपरान्त सभी के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था भी कराई गयी।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें