गुरुवार, 18 अप्रैल 2024

राष्ट्रीय जाट महासभा ने इंडिया गठबंधन की कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा का किया समर्थन

 

मुकेश गुप्ता सत्ता बन्धु

 विजय चौधरी, विजयपाल चौधरी और मनोज चौधरी का प्रयास रंग लाया 

गाजियाबाद। गुरुवार को राष्ट्रीय जाट महासभा (भारत) ने इंडिया गठबंधन की कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा को गाजियाबाद लोकसभा चुनाव में अपना समर्थन दिया है। राष्ट्रीय जाट महासभा के जिलाध्यक्ष आनंद चौधरी ने बताया कि सभी जाट समाज के लोगों का पूर्ण समर्थन गठबंधन प्रत्याशी डॉली शर्मा के साथ है और पूरी मेहनत से उन्हें चुनाव लड़वाने का कार्य किया जा रहा है। 

वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा ने राष्ट्रीय जाट महासभा (भारत) का आभार प्रकट करते हुए कहा कि सियासत में यदि आप अच्छे लोगों, सुशिक्षित लोगों, युवाओं को बढ़ाएंगे, तो सुशासन और विकास के रूप में उसका त्वरित प्रतिफल भी पाएंगे। उत्तरभारत के गौरवशाली जाट समाज, जिसकी अहम भूमिका किसान आंदोलनों में रहती आई है, उसका ऐलानिया समर्थन पाकर मैं अभिभूत हूँ और आपलोगों की मदद का जब भी मौका मिलेगा तो पीछे नहीं रहूँगी। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद के विकास के लिए यहां की सभी जातियों और सम्प्रदायों का जो समर्थन मिल रहा है, वह इस बात की ताकीद करता है कि इंडिया गठबंधन की सरकार जल्द ही नई दिल्ली में बनने वाली है और गाजियाबाद के लोगों का किस्मत भी अब चमकने वाला है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस महानगर अध्यक्ष विजय चौधरी को हाल ही में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है, जिन्होंने गम्भीरतापूर्वक अपने समाज को साधकर कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा के पक्ष में खड़ा कर दिया। इस कार्य में विजयपाल चौधरी और मनोज चौधरी की भूमिका भी सराहनीय रही। इन नेताओं ने अपने सामूहिक प्रयत्नों से अपने समाज का पूरा समर्थन कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा के पक्ष में लाने के लिए जो गम्भीर प्रयास किया, वह रंग लाया और एक मंच पर आकर समर्थन वाला पैगाम दे गया। यह बहुत बड़ी बात है। इस दौरान सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी आदि भी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें