मंगलवार, 13 जनवरी 2026

औद्योगिक विकास के लिए प्रशासन और उद्यमियों में बनी सहमति : संजीव गुप्ता

 





                        रिपोर्ट--मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद। विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के विजन को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से एक प्रतिष्ठित होटल में जिला प्रशासन और उद्योग जगत के दिग्गजों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। 'सार्थक कलेक्टिव नई दिल्ली' के सहयोग से आयोजित इस बैठक में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के माध्यम से जिले के औद्योगिक तंत्र को मजबूत करने और विकास की बाधाओं को दूर करने पर गहन मंथन किया। बैठक में मुख्य जिला विकास अधिकारी अभिनव गोपाल और ज्वाइंट कमिश्नर इंडस्ट्रीज श्रीनाथ पासवान ने प्रशासन का प्रतिनिधित्व किया।

प्रसिद्ध उद्योगपति और समरकूल के चेयरमैन संजीव कुमार गुप्ता ने इस बैठक में सम्मिलित होकर औद्योगिक जगत की ओर से प्रभावी पक्ष रखा। उन्होंने जिला प्रशासन की इस पहल को अत्यंत सार्थक बताते हुए कहा कि समावेशी और सतत प्रगति के लिए उद्योगों और प्रशासन के बीच ऐसा सीधा संवाद बहुत जरूरी है। संजीव गुप्ता ने जोर देकर कहा कि यदि गाजियाबाद के औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना है, तो सरकार को व्यवहारिक बाधाओं को दूर करने में सक्रिय सहयोग करना होगा। उन्होंने सुझाव दिया कि इस प्रकार की बैठकों में निरंतरता बनी रहनी चाहिए ताकि धरातल पर आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके और उद्योगों की मजबूती के जरिए प्रदेश व देश की अर्थव्यवस्था को और सशक्त बनाया जा सके। बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु जिले में पीपीपी ढांचे के तहत बुनियादी ढांचे का विकास और उद्यमियों के लिए एक सुगम कार्य वातावरण तैयार करना रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने और निवेश के अनुकूल माहौल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस चर्चा के माध्यम से भविष्य के विकास के लिए एक व्यवहारिक मार्ग विकसित करने पर सहमति बनी, जिससे गाजियाबाद के औद्योगिक क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सके। बैठक में जिले की कई अन्य प्रमुख हस्तियों ने भी हिस्सा लिया और क्षेत्र की प्रगति के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें