रिपोर्ट--मुकेश गुप्ता
गाजियाबाद । मेरठ रोड़ स्थित राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आरकेजीआईटी) ने दिनांक 17 जनवरी 2026 को कोर्टयार्ड मैरियट, हेब्बल, बेंगलुरु में एक भव्य एवं यादगार एलुमनी मीट का आयोजन किया। इस आयोजन में संस्थान से वर्ष 2004 से 2025 तक उत्तीर्ण 130 से अधिक पूर्व छात्र-छात्राओं ने सहभागिता कर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पूर्व छात्रों को एक साझा मंच प्रदान करना, संस्थान से उनके भावनात्मक एवं व्यावसायिक जुड़ाव को पुनः सुदृढ़ करना तथा वर्तमान विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शन के नए अवसर तैयार करना रहा। एलुमनी मीट के दौरान पूर्व छात्रों ने अपने कॉलेज जीवन की स्वर्णिम स्मृतियों को साझा किया और बताया कि किस प्रकार आरकेजीआईटी में प्राप्त शिक्षा, अनुशासन एवं संस्कारों ने उनके व्यावसायिक जीवन को दिशा प्रदान की। लंबे समय के बाद कॉलेज से पुनः जुड़कर सभी एलुमनी सदस्यों में विशेष हर्ष एवं आत्मीयता देखने को मिली।
इस अवसर पर एलुमनी सदस्यों ने वर्तमान छात्रों (जूनियर्स) के हित में यह सहमति व्यक्त की कि वे अपने औद्योगिक, शैक्षणिक एवं करियर अनुभवों को कॉलेज में प्रत्यक्ष रूप से अथवा वर्चुअल माध्यम से व्याख्यान, वेबिनार एवं संवाद सत्रों के माध्यम से साझा करेंगे, जिससे विद्यार्थियों को उद्योग-उन्मुख मार्गदर्शन एवं प्रेरणा प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम की शोभा बढ़ाते हुए डॉ. डी. के. चौहान, ग्रुप एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर, डॉ. बी. सी. शर्मा, निदेशक आरकेजीआईटी, डॉ. विपुल गोयल, हेड–एचआर, रितेश पाहुजा, एसोसिएट डायरेक्टर–सीआरसी, बलदेव, रजिस्ट्रार, डॉ. ऋतु अग्रवाल, सचिव एलुमनी एसोसिएशन आरकेजीआईटी, सौरभ सिंह, संयुक्त सचिव एलुमनी एसोसिएशन तथा सुश्री निशी पाठक, संयोजक बेंगलुरु चैप्टर मीट की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अपने संबोधन में अतिथियों ने संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, प्लेसमेंट सफलता, अनुसंधान एवं नवाचार गतिविधियों तथा भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला और एलुमनी से संस्थान के सतत विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी एलुमनी सदस्यों ने कॉलेज के वाइस चेयरमैन अक्षत गोयल की इस सराहनीय पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से एलुमनी और संस्थान के बीच संबंध और अधिक सशक्त होते हैं।
कार्यक्रम के सांस्कृतिक एवं मनोरंजक सत्र में एलुमनी सदस्यों ने विभिन्न इंटरैक्टिव खेलों एवं समूह गतिविधियों में भाग लिया, जिससे आपसी संवाद और अपनत्व की भावना और प्रगाढ़ हुई। इस दौरान कुछ पूर्व छात्रों ने कविताओं एवं रचनात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से भी अपनी भावनाएँ व्यक्त कीं, जिससे संपूर्ण वातावरण उल्लासपूर्ण एवं भावनात्मक बन गया। एलुमनी सदस्यों ने इस यादगार शाम का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसमें सभी पूर्व छात्रों ने भविष्य में भी संस्थान से जुड़े रहने तथा ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने की इच्छा व्यक्त की।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें