रिपोर्ट -मुकेश गुप्ता
गाजियाबाद । तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं अनुसंधान को नई दिशा देने के उद्देश्य से राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (RKGIT), गाजियाबाद तथा सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कम्प्यूटिंग (C-DAC), दिल्ली के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता दोनों संस्थानों के बीच दीर्घकालिक शैक्षणिक, प्रशिक्षण एवं अनुसंधान सहयोग को सुदृढ़ करेगा। इस एमओयू के अंतर्गत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस, साइबर सुरक्षा, हाई परफॉर्मेंस कम्प्यूटिंग, क्लाउड कम्प्यूटिंग, एम्बेडेड सिस्टम्स एवं अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्रों में संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम, सर्टिफिकेशन कोर्स, कार्यशालाएँ, सेमिनार, फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP) तथा छात्र इंटर्नशिप आयोजित की जाएँगी। इसके साथ ही संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, नवाचार गतिविधियों तथा तकनीकी परामर्श को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
एमओयू हस्ताक्षर समारोह के दौरान संस्थान के निदेशक डॉ बी सी शर्मा ने कहा कि यह सहयोग छात्रों को उद्योग-उन्मुख, व्यावहारिक एवं समसामयिक तकनीकी ज्ञान प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सी-डैक जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्था के साथ यह समझौता संस्थान की अकादमिक गुणवत्ता एवं अनुसंधान संस्कृति को और अधिक सशक्त करेगा।सी-डैक दिल्ली के प्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि यह साझेदारी अकादमिक संस्थानों और राष्ट्रीय अनुसंधान संगठनों के बीच सेतु का कार्य करेगी, जिससे कुशल मानव संसाधन का विकास होगा और “आत्मनिर्भर भारत” की दिशा में ठोस योगदान मिलेगा।यह एमओयू राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के छात्रों एवं संकाय सदस्यों के लिए उन्नत तकनीकी अवसरों के नए द्वार खोलेगा और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा।
इस एम् ओ यू पर हस्ताक्षर जीतेन्द्र सिंह, (साइंटिस्ट ‘G’ & सेंटर हेड, सी-डैक, दिल्ली), अरविन्द कुमार, (सीनियर एडवाइजर,सी-डैक), अपूर्व कोहली (साइंटिस्ट ‘E’, ग्रुप हेड, ए सी टी एस), मिस ऋचा चौधरी (फैकल्टी & कोर्स काउंसलर, ए सी टी एस), डॉ शोएब अली (सीनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर, ए सी टी एस) तथा संस्थान के ग्रुप एडवाइजर प्रो लक्ष्मण प्रसाद, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ डी के चौहान, निदेशक डॉ बी सी शर्मा, डीन एक्रेडिटेशन डॉ. रामेन्द्र सिंह, डीन एकेडमिक्स डॉ. आर.के. यादव एवं डॉ प्रीती शर्मा (एच ओ डी, सी एस ई - डेटा साइंस) की उपस्थिति में किया गया । संस्थान के वाइस चेयरमैन अक्षत गोयल ने इस समझौता ज्ञापन के लिए सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी ।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें