रविवार, 25 जनवरी 2026

भव्य श्री राम कथा प्रदर्शनी मंडप का उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मोर्य ने उद्घाटन किया, बाबा सत्यनारायण मौर्य प्रदर्शनी बनी श्रद्धा और इतिहास का जीवंत दस्तावेज



                         मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद । कविनगर स्थित रामलीला मैदान में आयोजित श्री राम कथा के अंतर्गत निर्मित भव्य प्रदर्शनी मंडप का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा दीप प्रज्वलन कर विधिवत रूप से किया गया। उद्घाटन समारोह श्रद्धा, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का अनुपम संगम बना, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

इस प्रदर्शनी मंडप का मुख्य आकर्षण “श्री राम जन्मभूमि – मुक्ति संघर्ष की अमर कहानी” विषय पर आधारित बाबा सत्यनारायण मौर्य प्रदर्शनी रही। इस प्रदर्शनी में राम मंदिर के इतिहास, उसके निर्माण की लंबी और संघर्षपूर्ण यात्रा, राम जन्मभूमि आंदोलन के विभिन्न चरणों, कारसेवकों की ऐतिहासिक यात्राओं तथा मंदिर निर्माण के पीछे दिए गए असंख्य बलिदानों को अत्यंत प्रभावशाली, कलात्मक और भावनात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया है।

प्रदर्शनी के विभिन्न खंडों में राम जन्मभूमि आंदोलन की प्रमुख घटनाओं, ऐतिहासिक निर्णयों, जनआंदोलन की तस्वीरों, प्रतीकात्मक मूर्तियों, दृश्यात्मक पैनलों और सूचनात्मक प्रदर्शों के माध्यम से यह दर्शाया गया कि किस प्रकार वर्षों तक चले संघर्ष, तपस्या, आंदोलन और बलिदान के बाद आज अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण साकार हो सका। विशेष रूप से कारसेवकों के योगदान, उनकी यात्राओं, आंदोलनों और बलिदान को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है, जिससे दर्शकों की आंखें नम हो गईं और वातावरण भावविभोर हो उठा।

उद्घाटन अवसर पर प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि “राम मंदिर के निर्माण में कारसेवकों का बलिदान एवं संघर्ष हमेशा याद किया जाएगा। यह केवल एक मंदिर का निर्माण नहीं, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था, त्याग और तपस्या की ऐतिहासिक विजय है। बाबा सत्यनारायण मौर्य द्वारा तैयार की गई यह प्रदर्शनी आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें यह बताएगी कि आस्था और सत्य के लिए किया गया संघर्ष कभी व्यर्थ नहीं जाता।”

उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन भारतीय लोकतंत्र, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकजुटता का अद्वितीय उदाहरण है। यह प्रदर्शनी न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह राष्ट्र के इतिहास का वह अध्याय भी है जिसे हर नागरिक को जानना और समझना चाहिए।

श्री राम कथा मंडप को अयोध्या के श्रीराम मंदिर की तर्ज पर अत्यंत भव्य और आकर्षक रूप में सजाया गया है। प्रवेश द्वार से लेकर आंतरिक साज-सज्जा तक हर तत्व में भारतीय संस्कृति की गरिमा और धार्मिक आस्था की अनुभूति स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। फूलों की सुंदर मालाओं, रंगीन पर्दों, पारंपरिक अलंकरणों और आकर्षक पृष्ठभूमि चित्रों के माध्यम से पूरे परिसर को दिव्य और भक्तिमय स्वरूप प्रदान किया गया है। प्रदर्शनी में रखी गई कलात्मक प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को सीधे राम मंदिर आंदोलन की ऐतिहासिक यात्रा से जोड़ती प्रतीत हुईं।

इस अवसर पर अनेक संत-महात्माओं, धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और इसे अत्यंत प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक बताया। श्रद्धालुओं ने कहा कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से उन्हें राम मंदिर आंदोलन के उस संघर्षपूर्ण पक्ष को करीब से जानने का अवसर मिला, जिसे उन्होंने केवल पुस्तकों या समाचारों में पढ़ा-सुना था।

आयोजकों ने जानकारी दी कि यह बाबा सत्यनारायण मौर्य प्रदर्शनी श्री राम कथा के संपूर्ण आयोजन काल के दौरान आम जनता के लिए खुली रहेगी, ताकि अधिक से अधिक लोग राम मंदिर के गौरवशाली इतिहास, संघर्ष गाथा, कारसेवकों के बलिदान और मंदिर निर्माण के पीछे की ऐतिहासिक यात्रा को प्रत्यक्ष रूप से देख और समझ सकें।

समारोह के अंत में आयोजकों की ओर से उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जी का आभार व्यक्त किया गया तथा सभी अतिथियों, संतों और श्रद्धालुओं का धन्यवाद किया गया। साथ ही इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण आयोजन की गरिमामयी कवरेज के लिए सभी मीडिया बंधुओं के सहयोग की सराहना की गई।

यह आयोजन न केवल एक धार्मिक कार्यक्रम रहा, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, आस्था, संघर्ष और राष्ट्र चेतना का एक सशक्त प्रतीक बनकर उभरा, जिसने यह संदेश दिया कि सत्य, त्याग और समर्पण की राह पर चलकर कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से  पश्चिम उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सतेन्द्र सिंह, महानगर अध्यक्ष मयक गोयल, पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा ,रजनीश अग्रवाल , संजीव गोयल प्रदर्शनी प्रमुख , जितेंद्र मिश्रा सतेन्द्र सिंह, भानू शिशोदिया सहित तमाम भाजपा के विधायक व नेता उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें