रिपोर्ट-मुकेश गुप्ता
गाजियाबाद । नेहरू वर्ल्ड स्कूल के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है कि कक्षा 12 की छात्रा संस्कृति बाना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए जूनियर वर्ल्ड कप शूटिंग प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर विद्यालय, शहर एवं देश का नाम रोशन किया है।
नई दिल्ली में आयोजित चयन ट्रायल्स में संस्कृति बाना ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इन ट्रायल्स में देशभर से लगभग 2000 बालिकाओं ने भाग लिया था, जिनमें से शीर्ष स्थान प्राप्त कर संस्कृति ने जूनियर वर्ल्ड कप के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
उल्लेखनीय है कि जूनियर वर्ल्ड कप शूटिंग प्रतियोगिता जुलाई माह में काहिरा, मिस्र में आयोजित की जाएगी, जहाँ संस्कृति बाना भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। संस्कृति पहले से ही एक अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज़ हैं। वह जूनियर एशियन चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता रह चुकी हैं तथा जूनियर श्रेणी में उनका अंतरराष्ट्रीय रैंक 15 है। इन उपलब्धियों के माध्यम से उन्होंने भारतीय शूटिंग जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है और लगातार अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।
विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं समस्त विद्यालय परिवार ने संस्कृति बाना को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विद्यालय को पूर्ण विश्वास है कि संस्कृति अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ाएंगी।
नेहरू वर्ल्ड स्कूल सदैव अपने विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने एवं उन्हें वैश्विक स्तर पर उत्कृष्टता प्राप्त करने के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें