रिपोर्ट--मुकेश गुप्ता
गाजियाबाद । गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सिमरन सभा, भूड़ भारत नगर, गाजियाबाद की प्रबंधक कमेटी द्वारा आज दिनांक 4 जनवरी 2026, रविवार को सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के 360वें पावन प्रकाशोत्सव के अवसर पर एक भव्य एवं श्रद्धापूर्ण धार्मिक कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगत ने श्रद्धा व उत्साह के साथ सहभागिता की।
प्रातःकाल कार्यक्रम की शुरुआत पाठ श्री सुखमनी साहिब से हुई, जिसके उपरांत गुरुमय वातावरण में कीर्तन दरबार सजाया गया। कीर्तन दरबार में भाई अमरजीत सिंह हजूरी रागी, भाई गुरदीप सिंह जी, भाई कवल सिंह भाटिया जी, निशा वर्मा एवं बीबी गुंजन कौर जी (दिल्ली वाले) ने मधुर गुरुवाणी कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया और गुरु साहिब की महिमा का गुणगान किया।
इस अवसर पर सभा के प्रधान सरदार जोगेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के महान त्याग, बलिदान एवं मानवता के लिए दिए गए अद्वितीय संदेश पर प्रकाश डाला। सभा के सचिव सरदार हरचरणजीत सिंह ने लंगर सेवा सहित सभी प्रकार की निस्वार्थ सेवाओं के लिए संगत का हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रबंधक कमेटी द्वारा रमन, करण, अमनदीप कौर एवं परविंदर कौर को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इन बच्चों ने प्रकाशोत्सव से पूर्व निकाली गई सभी प्रभात फेरियों में कड़ाके की ठंड के बावजूद नियमित रूप से भाग लेकर अद्भुत श्रद्धा, अनुशासन एवं सेवा भावना का परिचय दिया।
कार्यक्रम के समापन पर गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया। प्रबंधक कमेटी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाली समस्त संगत, सेवादारों एवं सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फ़तेह।




कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें