शुक्रवार, 2 जनवरी 2026

परिवहन विभाग द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 का भव्य शुभारम्भ, सड़क दुर्घटनाएँ केवल प्रशासन की समस्या नहीं हैं, बल्कि यह समाज की सामूहिक चुनौती है--संजीव शर्मा







                       रिपोर्ट--मुकेश गुप्ता

सुरक्षित सड़कें सुरक्षित भविष्य के संकल्प के साथ जन-जागरूकता अभियान प्रारम्भ

गाजियाबाद । उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश के अनुक्रम में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, आमजन को सुरक्षित यातायात व्यवहार के प्रति जागरूक करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति सामाजिक उत्तरदायित्व को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 का शुभारम्भ आज 1् जनवरी 2026 को मुख्य अतिथि विधायक  संजीव शर्मा, विशिष्ट अतिथि अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) श्रीमती ज्योति मौर्या द्वारा किया गया। यह जन-जागरूकता अभियान 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक पूरे माह संचालित किया जाएगा।

 विधायक द्वारा अपने संबोधन में कहा कि सड़क दुर्घटनाएँ केवल प्रशासन की समस्या नहीं हैं, बल्कि यह समाज की सामूहिक चुनौती है। सड़क सुरक्षा माह का मुख्य उद्देश्य लोगों की सोच में परिवर्तन लाना है, ताकि यातायात नियमों का पालन भय से नहीं बल्कि जिम्मेदारी के भाव से किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएँ मानवीय लापरवाही के कारण होती हैं, जिन्हें जागरूकता और अनुशासित व्यवहार से रोका जा सकता है। उक्त कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि श्रीमती ज्योति मौर्या अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) द्वारा अपने सम्बोधन में आमजन से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें, अपने परिवारजनों को भी इसके लिए प्रेरित करें तथा सुरक्षित सड़क व्यवस्था के निर्माण में प्रशासन का सहयोग करें। सड़क सुरक्षा माह का उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा को सर्वोपरि रखना है।

उक्त कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए डॉ० सिया राम वर्मा, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) गाजियाबाद द्वारा हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की अवस्था में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने ओवरलोडिंग एवं गलत दिशा में वाहन चलाने से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति आमजन को जागरूक किया गया।

 पी०के० सिंह, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) गाजियाबाद द्वारा उपस्थित जनमानस को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई, जिसमें सभी ने यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित वाहन संचालन करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक  संजीव शर्मा द्वारा जनपद में सड़क सुरक्षा सम्बन्धी जागरूकता करने हेतु परिवहन विभाग के प्रचार-वाहन, इण्टरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

उक्त कार्यकम में संजीव शर्मा विधायक, श्रीमति ज्योति मौर्या अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), पी०के० सिंह आरटीओ (प्रशासन),  डॉ० सिया राम वर्मा आरटीओ (प्रवर्तन), अमित राजन राय, मनोज कुमार मिश्रा एआरटीओ (प्रवर्तन),  राजेश्वर कुशवाहा, जीत बहादुर सिंह पीटीओ,  संतोष कुमार चौहान यातायात निरीक्षक, ट्रक ट्रांसपोर्ट एसोसिऐशन के अध्यक्ष  महेन्द्र शर्मा, उपाध्यक्ष  गौरव शर्मा, महासचिव  अमित भारद्वाज आदि सहित वाहन चालक एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें