शुक्रवार, 23 जनवरी 2026

जनवरी माह की दो नीलामियों से जीडीए को लगभग ₹429 करोड़ की हुई अनुमानित आय-शास्त्री नगर योजना के आवासीय भूखंडों पर लगी रिकॉर्ड तोड़ बोलियाँ



                   रिपोर्ट-मुकेश गुप्ता

  23 जनवरी 2026 की नीलामी में 11 प्रॉपर्टियों की सफल नीलामी

 आवासीय, व्यावसायिक, स्कूल एवं ग्रुप हाउसिंग भूखंडों पर बोलीदाताओं की रही विशेष रुचि

गाजियाबाद । गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अंतर्गत 23 जनवरी, 2026 शुक्रवार को प्राधिकरण के सभागार कक्ष में विभिन्न योजनाओं के रिक्त आवासीय, व्यावसायिक, स्कूल एवं ग्रुप हाउसिंग भूखंडों की नीलामी सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह नीलामी जीडीए उपाध्यक्ष  नंदकिशोर कलाल के निर्देशन में आयोजित की गई, जिसमें बोलीदाताओं ने अत्यंत उत्साह एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ भाग लिया।

अपर सचिव पी के सिंह ने बताया कि उक्त नीलामी के माध्यम से गाजियाबाद विकास प्राधिकरण को लगभग ₹234.11 करोड़ की आय होने का अनुमान है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 08 जनवरी, 2026 को आयोजित नीलामी में 11 संपत्तियों के माध्यम से लगभग ₹194 करोड़ की आय प्राप्त हुई थी। इस प्रकार जनवरी माह में आयोजित दोनों नीलामियों से जीडीए को कुल मिलाकर लगभग ₹429 करोड़ की उल्लेखनीय आय होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि आज आयोजित नीलामी में आवासीय, व्यावसायिक, स्कूल तथा ग्रुप हाउसिंग श्रेणी के भूखंड शामिल रहे। विशेष रूप से शास्त्री नगर योजना के आवासीय भूखंडों पर निवेशकों ने असाधारण रुचि दिखाई। शास्त्री नगर योजना की बागवाली कॉलोनी में स्थित दो आवासीय भूखंड, जिनका रिज़र्व प्राइस ₹60,000 प्रति वर्गमीटर निर्धारित था, वे क्रमशः ₹2,20,000 एवं ₹2,60,000 प्रति वर्गमीटर की उच्च दरों पर विक्रय हुए।

इसी प्रकार कोशांबी योजना के आवासीय भूखंड, जिनका रिज़र्व प्राइस ₹93,000 प्रति वर्गमीटर था, वे ₹1,61,000 एवं ₹1,95,000 प्रति वर्गमीटर की दर से बिके। वैशाली योजना में स्थित 4000 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले स्कूल भूखंड का रिज़र्व प्राइस ₹92,000 प्रति वर्गमीटर निर्धारित था, जो ₹95,500 प्रति वर्गमीटर की दर से लगभग ₹38.2 करोड़ में नीलाम हुआ।

नीलामी का प्रमुख आकर्षण कोयल एन्क्लेव योजना के दो ग्रुप हाउसिंग भूखंड रहे, जिनका रिज़र्व प्राइस ₹60,000 प्रति वर्गमीटर था। ये भूखंड क्रमशः ₹60,400 एवं ₹60,450 प्रति वर्गमीटर की दर से बिके, जिससे प्राधिकरण को लगभग ₹158.03 करोड़ की आय प्राप्त हुई।

इसके अतिरिक्त इन्द्रप्रस्थ योजना, पॉकेट-D में स्थित 4353 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले ग्रुप हाउसिंग भूखंड का रिज़र्व प्राइस ₹43,500 प्रति वर्गमीटर था, जो ₹56,500 प्रति वर्गमीटर की दर से लगभग ₹24.59 करोड़ में विक्रय हुआ। वहीं इसी योजना के पॉकेट-E में स्थित 195-195 वर्गमीटर के दो व्यावसायिक भूखंड ₹62,000 प्रति वर्गमीटर की दर से लगभग ₹1.20 करोड़ प्रति भूखंड में नीलाम किए गए।

यह नीलामी गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की पारदर्शी कार्यप्रणाली, सुव्यवस्थित नीतियों एवं योजनाओं के प्रति निवेशकों के बढ़ते विश्वास को स्पष्ट रूप से दर्शाती है। नीलामी के माध्यम से प्राधिकरण को अपेक्षा से अधिक प्रतिफल प्राप्त हुआ है, जो भविष्य की नीलामियों के लिए अत्यंत सकारात्मक संकेत है। नीलामी में अपर सचिव पी के सिंह, ओएसडी निकिता कौशिक व जीडीए स्टाफ उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें