शनिवार, 17 जनवरी 2026

भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में SIR अभियान का द्वितीय चरण, 16 से 18 जनवरी तक सभी बूथों पर चलेगा मतदाता सहायता अभियान

 



                       रिपोर्ट--मुकेश गुप्ता

गाजियाबाद । भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई द्वारा SIR (Special Intensive Revision) अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत नए मतदाता जोड़ने तथा SIR प्रक्रिया से वंचित रह गए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने हेतु व्यापक स्तर पर संगठनात्मक अभियान चलाया जा रहा है।

भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में महानगर के सभी मतदान केंद्रों पर 16, 17 एवं 18 जनवरी को भाजपा कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर उपस्थित रहकर आम जनता की सहायता करेंगे। इस दौरान नए मतदाताओं का पंजीकरण, नाम जोड़ने, संशोधन एवं सूची से छूटे नामों को शामिल कराने में सहयोग प्रदान किया जाएगा।

अभियान के महानगर संयोजक सुभाष शर्मा ने बताया कि यह कार्यक्रम संगठन की लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता का परिचायक है, जिसमें हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना प्राथमिक उद्देश्य है। प्रत्येक बूथ पर बूथ अध्यक्ष, बीएलए एवं कार्यकर्ताओं की टीम सक्रिय रहेगी।

मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान की सतत मॉनिटरिंग भाजपा महानगर कार्यालय से की जाएगी, ताकि किसी भी स्तर पर कार्य में बाधा न आए और जनता को समयबद्ध सहायता मिल सके। अभियान से संबंधित सूचनाओं का संकलन एवं फीडबैक भी नियमित रूप से लिया जाएगा।

अभियान के सह संयोजक अमित रंजन ने अपने बयान में कहा कि संगठन द्वारा क्षेत्रवार जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। प्रत्येक मंडल एवं बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, जिससे अधिक से अधिक नए मतदाता जोड़े जा सकें और कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।

भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने आम जनता से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में सहयोग दें। भाजपा कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और सेवा भाव के साथ जनता की सहायता के लिए तत्पर रहेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें