रिपोर्ट-मुकेश गुप्ता
गाजियाबाद । गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव वी के मिश्रा द्वारा आज 01.01.2026 को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बनाये जा रहें ई0डब्ल्यू0एस भवनों के आवंटन/कब्जा दिये जाने के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में प्रभारी पी०एम०ए०वाई० सेल द्वारा अवगत कराया गया कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, गाजियाबाद द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अन्तर्गत प्राधिकरण की 05 योजनाओं मधुबन बापूधाम, डासना, प्रताप विहार, नूरनगर (राजनगर एक्सटेंशन), निवाड़ी (मोदीनगर) में निर्मित कराये जा रहे 3496 ईडब्ल्यूएस भवनों के सापेक्ष 2239 भवनों के आवंटन उपरान्त लगभग 2002 आवंटियों को आवंटन पत्र निर्गत किया जा चुका है तथा निजी विकासकर्ताओं की कुल 11 योजनाओं में निर्मित कराये जा रहे 6481 ईडब्ल्यूएस भवनों के सापेक्ष 2754 भवनों के आवंटन उपरान्त लगभग 2295 आवंटियों को आवंटन पत्र निर्गत किया जा चुके हैं। वर्तमान में निजी विकासकर्ताओं की 03 योजनाओं में प्राप्त आवेदनों का परियोजना अधिकारी, डूडा द्वारा सत्यापन उपरान्त ड्रॉ किये जाने की प्रक्रिया में है तथा निजी विकासकर्ताओं की 02 योजनाएं दिनांक 15.12.2025 से 15.01.2025 तक के लिए प्रकाशित गई है, जिसमें आवेदन प्राप्त किये जा रहे हैं।
सचिव ने बताया कि निजी विकासकर्ता मै० एटीएस० ग्रैंड रियलटर्स, ग्राम सुल्तानपुर सिकरोड़ योजना में निर्मित 789 भवनों के सापेक्ष 786 भवनों के आवंटन उपरान्त लगभग 770 आवंटियों को आवंटन पत्र निर्गत किये जा चुके हैं। वर्तमान में निजी विकासकर्ता द्वारा आवंटियों के रजिस्टर्ड मोबा० पर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए पट्टा विलेख/कब्जा प्राप्त करने हेतु सूचना दी जा रही है।
प्राधिकरण की मधुबन बापूधाम योजना के अन्तर्गत 856 भवनों निर्माण कार्य व अवस्थापना सम्बन्धी कार्य पूर्ण है। उक्त योजना में 856 भवनों के सापेक्ष में 836 भवनों के आवंटन पत्र निर्गत किये जा चुके हैं, जिनमें से लगभग 548 आवंटियों द्वारा देय सभी किस्तें जमा कराई जा चुकी हैं। इन भवनों के पट्टा विलेख हेतु प्राधिकरण की हेल्पलाइन के द्वारा आवंटियों के रजिस्टर्ड मोबा० पर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए पट्टा विलेख/कब्जा प्राप्त करने हेतु सूचना दे दी गई है। आवंटियों से प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर पत्रावलियां जमा धनराशि की रसीदों के सत्यापन/लेखा जाँच की कार्यवाही में है। सचिव महोदय द्वारा मधुबन बापूधाम योजना में जमा धनराशि की रसीदों के सत्यापन/लेखा जाँच के उपरान्त नियमानुसार पट्टा विलेख/कब्जा की कार्यवाही आगामी सप्ताह में कराये जाने के निर्देश दिये गये हैं।
साथ ही लाभार्थियों को योजना का अधिकतम लाभ दिलाने हेतु समन्वय बढ़ाने, आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया को सरल बनाने एवं फील्ड स्तर पर निगरानी मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक के अंत में सचिव ने सभी अधिकारियों से योजनाबद्ध एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य सबके लिए आवास साकार हो सके।
उक्त समीक्षा बैठक सचिव की अध्यक्षता में सम्पन्न की गई, जिसमें (प्रभारी पी०एम०ए०वाई० सेल), सहायक अभियन्तागण, अवर अभियन्ता, कनिष्ठ लिपिक आदि उपस्थित रहें।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें