रिपोर्ट-मुकेश गुप्ता
काशी में आस्था पर बुलडोज़र चलाने वाली भाजपा सरकार के खिलाफ यूपी की सड़कों पर आप का जबर्दस्त विरोध प्रदर्शन
प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में मंदिर ध्वस्तीकरण पर सरकार की चुप्पी के खिलाफ फूटा जनाक्रोश
मणिकर्णिका घाट पर हमला हिंदू आस्था पर सीधा हमला है: निमित यादव
विकास के नाम पर इतिहास और परंपरा मिटा रही है भाजपा: निमित यादव
आस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा: निमित यादव
गाजियाबाद: 20 जनवरी प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर जिला मुख्यालय पर आप कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। काशी के मणिकर्णिका घाट पर प्राचीन मंदिरों को तोड़े जाने के विरोध में मंगलवार को आम आदमी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में जिला कलेक्ट्रेट पर एक साथ ज़बरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी ने इसे हिंदू आस्था, परंपरा और सनातन संस्कृति पर भाजपा सरकार का सीधा हमला बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में पौराणिक मंदिरों का ध्वस्तीकरण सरकार की असली मानसिकता को उजागर करता है। आम आदमी पार्टी ने इस मुद्दे पर महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि “रोज़गार दो, सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा में शामिल होने के कारण काशी प्रांत के कुछ जिलों में पदयात्रा के चलते यह विरोध प्रदर्शन नहीं हो सका।
प्रदेशभर में हुए प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ तीखे नारे लगाए और कहा कि मणिकर्णिका घाट केवल एक घाट नहीं, बल्कि हिंदू धर्म और आस्था का सबसे पवित्र केंद्र है, जहां सदियों से अंतिम संस्कार होते आए हैं और जहां से मोक्ष की मान्यता जुड़ी है। ऐसे पौराणिक स्थल पर स्थित प्राचीन मंदिरों को तोड़ना किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विकास के नाम पर इतिहास, संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को मिटाने का षड्यंत्र कर रही है।
आम आदमी पार्टी ने कहा कि यह सब किसी विदेशी आक्रांता के शासन में नहीं, बल्कि भाजपा की मोदी सरकार के दौर में, प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में हो रहा है, जो अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है। सरकार ने न तो स्थानीय जनता की भावनाओं का सम्मान किया और न ही धार्मिक मान्यताओं की परवाह की। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि मंदिरों को तोड़ने का यह सिलसिला नहीं रुका, तो आम आदमी पार्टी इस आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष निमित यादव ने कहा कि मणिकर्णिका घाट पर प्राचीन मंदिरों को तोड़ना हिंदू समाज की आस्था पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव के समय धर्म और मंदिर की राजनीति करती है, लेकिन सत्ता में आते ही वही भाजपा मंदिरों पर बुलडोज़र चलवाती है। जिलाध्यक्ष निमित यादव ने कहा कि काशी की पहचान, परंपरा और आत्मा के साथ किया गया यह अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आम आदमी पार्टी जनता की आवाज़ बनकर इस लड़ाई को अंत तक लड़ेगी।
जिलाध्यक्ष निमित यादव ने आगे कहा कि विकास का मतलब यह नहीं होता कि सदियों पुरानी आस्था और परंपरा को मिटा दिया जाए। भाजपा सरकार विकास के नाम पर काशी की धार्मिक विरासत को नष्ट कर रही है। उन्होंने मांग की कि मणिकर्णिका घाट पर तोड़े गए सभी प्राचीन मंदिरों का तत्काल पुनर्निर्माण कराया जाए और इस कृत्य के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में मांग की कि-
मणिकर्णिका घाट पर तोड़े गए सभी प्राचीन मंदिरों का तत्काल पुनर्निर्माण कराया जाए।
मंदिर ध्वस्तीकरण के आदेश देने वाले अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
भविष्य में किसी भी धार्मिक स्थल के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। इस दौरान प्रदर्शन में मुख्य रूप से शैलेश कुमार, विजय शर्मा, रवि सिसोदिया, मनोज गॉड, जतिन शर्मा ,मुकेश प्रजापति ,कुशल गोयत, प्रेमपाल, सतीश गहलोत ,शरदेंदु शर्मा, इरफान खान ,संजय सिंह, रिंकू कुमार, महेश शर्मा ,गौरव शर्मा आदि उपस्थिति रहे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें